राजनीतिक

उक्रांद ने की दून महानगर कार्यकारिणी की घोषणा

देहरादून। उक्रांद देहरादून महानगर की कार्यकारिणी घोषित की गई है। उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने कहा है कि दल की मजबूती को व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है और कई युवा दल से जुड़ रहे है।

गुरूवार को देहरादून स्थित उक्रांद के केंद्रीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए क्षेत्री ने कहा महानगर इकाई ने निकट भविष्य में होने वाले नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकारिणी का गठन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते 17 वर्षों से राजधानी देहरादून में आम जनता नगर निगम द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के लिए तरसती रही है। नगर निगम में कब्जा जमाए बैठे कांग्रेस और भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता को मूलभूत सुविधाएं दिलाने में पूरी तरह असफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगा। देहरादून शहर की सफाई व्यवस्था सहित गलियों, नालियों व पथ प्रकाश की लचर व्यवस्था पर जनता का ध्यान आकर्षित करने के लिए उक्रांद के महानगर स्तर के पदाधिकारी प्रत्येक वार्ड में जाकर वार्ड कार्यकारिणी का गठन व सभाएं करेंगे।

क्षेत्री ने कहा कि यूकेडी महानगर इकाई जल्द ही शहर में सफाई पसंद स्वयंसेवक कार्यकर्ताओं की एक टीम तैयार करेगी जो सप्ताहंत में सफाई व्यवस्था से त्रस्त वार्ड में जाकर चिन्हित स्थानों पर स्थानीय जनता की मदद से सफाई अभियान चलाएगी ताकि जनता जान सके कि पूरे देश में सफाई का ढींढोरा पीटने वाली भाजपा सरकार उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सफाई व्यवस्था के प्रति कितनी संवेदनशील है।

महानगर कार्यकारिणी के गठन के अवसर पर कांग्रेस, भाजपा के साथ आम आदमी पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों ने भी उक्रांद की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर महानगर कार्यकारिणी में दायित्व भी बांटे गए। आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक के पद से त्यागपत्र देकर उक्रांद में शामिल हुए डॉ महेश कुमार को महानगर महामंत्री का दायित्व भी दिया गया। साथ ही कार्यकारिणी में शामिल नए सदस्यों को दायित्व सौंपे गए।

पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री, केंद्रीय महामंत्री व तराई प्रभारी डीके पाल, केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय, सुनील ध्यानी, बीरेन्द्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Key Words : Uttarakhand, Dehradun, UKD, Metropolitan Executive, Announcement

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button