उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग में जैकलाई बटालियन के शिविर में दी गईं योजनाओं की जानकारी

रुद्रप्रयाग। जैकलाई बटालियन रुद्रप्रयाग और आईबीएक्स बिग्रेड जोशीमठ द्वारा सैनिक विधवाओं, सेवानिवृत्त सैनिकों एवं वीर नारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर गौचर में पूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित शिविर में मेडिकल कैंप, आधार कार्ड, बैंक सहित अन्य कई स्टाॅल लगाये गये थे, जिनका लाभ दूर-दराज से पहुंचे पूर्व सैनिक एवं वीर नारियों ने लिया।

कार्यक्रम में जैकलाई बटालियन के सीओ कर्नल अजय ठाकुर ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात वीर सपूतों की बदौलत गढ़वाल मंडल देश और राज्य में अलग पहचान रखता है। यहां के वीर जवान देश की सीमाओं पर तैनात हैं और अपनी सेवाओं को बखूबी से निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों के लिए केन्द्र और राज्य सरकार कई योजनाएं चला रही है, जिनकी जानकारी पहुंचाने के लिए ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता है। सीओ ठाकुर ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों को जागरूक होने की आवश्यकता है। ये कल्याणकारी योजनाएं उनके साथ ही उनके बच्चों के लिए भी हैं। भूतपूर्व सैनिकों की जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान किया जायेगा। रैली में भूतपूर्व सैनिकों की पेंशन की समस्या का भी समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि रैली में दो हजार से अधिक सेवानिवृत्त सैनिक, वीर नारिया एवं सैनिक विधवाएं पहुंची, जिन्होंने रैली का भरपूर लाभ भी उठाया। रैली स्थल पर ही सेना व सिविल विभागों द्वारा स्टाॅल लगाकर तथा व्यक्तिगत रूप से ध्यान देकर समस्याओं को दूर किया गया। इसके अलावा रैली में गढ़वाल राईफल और कुमाऊं रेजीमेंट अभिलेख कार्यालय द्वारा पेंशन संबंधी समस्याओं का निपटारा, सीएसडी कैंटीन स्मार्ट कार्ड, आधार कार्ड का स्टाॅल, आर्मी पोर्टल में पंजीकरण का स्टाॅल, आर्मी प्लेसमेंट सेल सहित अन्य स्टाॅल भी लगाये गये थे। आधार कार्ड और बैंकिंग खाते के पंजीकरण का स्टाॅल, पीसीडीए इलाहबाद का स्टाॅल, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया, पंजाब नैशनल बैंक के स्टाॅल के साथ ही मेडिकल कैंप लगाकर भूतपूर्व सैनिकांे को लाभ पहुंचाया गया। रैली के दौरान सभी सेवानिवृत्त सैनिकों, वीर नारियों तथा विधवाओं ने भोज भी किया।

भूतपूर्व सैनिक रैली में पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याओं को रखते हुए सुझाव दिये। भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष एसएस बिष्ट, पूर्व कर्नल राजेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि कहा कि दूर-दराज से पहुंचे पूर्व सैनिकों को आने-जाने में ही समय लग जाता है। ऐसे में वे कैसे एक दिन में रैली का लाभ उठा सकते हैं। इसके साथ ही पूर्व में आयोजित रैलियों में भर्ती कैंप का भी आयोजन होता था, मगर अब भर्ती कैंप का भी आयोजन नहीं किया जाता है।

इस मौके पर सूबेदार जोगिन्दर सिंह, श्रीकांत, सूबेदार सुरेन्द्र पुनिया, स्वास्थ्य अधिकारी सतीश चन्द्र, पूर्व सैनिक बलवंत बुटोला मौजूद थे।

Key Words : Uttarakhand, Rudraprayag, Jackalai Battalion, camp, Information

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button