सामाजिक सरोकार

मसूरी सीवरेज योजना के लिए 183 लाख मिले

मसूरी। भाजपा सरकार द्वारा अपने चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार प्रदेश के विकास को अपनी पहली प्राथमिकता में लिया है। पिछले दो वर्षो से पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा मसूरी की सीवरेज योजना के लिए धनराशि जारी नहीं की गई थी, लेकिन भाजपा की सरकार आते ही मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने इस योजना के लिए 183 लाख रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है। यह बात रविवार को मसूरी के यूथ हॉस्टल में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए भाजपा विधायक गणेश जोशी ने कही।

विधायक जोशी ने बताया कि राज्य सेक्टर (नगरीय) के माध्यम से मसूरी सीवरेज योजना के निर्माण हेतु 27 जून 2015 को उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा 458.50 लाख का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। उन्होनें पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार एवं पूर्व मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा विधायक का क्षेत्र होने के कारण इस योजना को पिछले 2 वर्षो से शासन में जानबूझ कर रोका गया था। अब राज्य में भाजपा सरकार आते ही शासन को इस सीवरेज योजना के निर्माण हेतु तत्काल धनराशि जारी करने को कहा गया है। जोशी ने इस विकास की प्रथम उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत एवं पेयजल मंत्री प्रकाश पंत का आभार जताया है।

विधायक जोशी ने यह भी कहा कि मसूरी नगर पालिका के समस्त 11 वार्डो को खुले में शौच से मुक्त करने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्व है। केन्द्र सरकार की स्वच्छता योजना के तहत मसूरी को स्वच्छ बनाना भी हमारी प्राथमिकता में है। मसूरी के वार्डो को अतिशीघ्र खुले में शौच से मुक्त करने और कूड़े की समस्या के निदान के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री कुशाल सिंह राणा, महामंत्री दीपक पुण्डीर, युवा मोर्चा अध्यक्ष राकेश रावत, धर्मपाल पंवार, त्रिलोक राणा, मुकेश धनाई, गजेन्द्र सिंह, मनोज खरोला, सिकन्दर सिंह, लक्ष्मण सिंह रावत, बंसत सिंह कोठाल, युवा मोर्चा महामंत्री अनुराग सिंह आदि मौजूद थे।

Key Words : Uttarakhand, Mussoorie, Sewerage Scheme, MLA

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button